
शिमला। नगर निगम के आयुक्त कोर्ट के संजौली की अवैध मस्जिद की तीन मंजिलें गिराने के आदेश का देवभूमि संघर्ष समिति ने स्वागत किया है। हालांकि समिति ने साफ कहा है कि अवैध मस्जिद के खिलाफ तब तक आंदोलन जारी रहेगा जब तक इसको पूरी तरह से ध्वस्त नहीं किया जाता। शनिवार को नगर निगम के आयुक्त कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया जिसमें मस्जिद कमेटी को अपने खर्चे पर तीन मंजिलें गिराने के आदेश दिए हैं। देवभूमि संघर्ष समिति ने नगर निगम आयुक्त कोर्ट शिमला के अवैध मस्जिद पर दिए फैसले का स्वागत किया है। समिति के संयोजक भारत भूषण ने कहा है कि कोर्ट को यह फैसला देवभूमि के सनातन समाज की जीत है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के सनातन समाज के लाखों लोगों ने अवैध मस्जिद के खिलाफ लगातार आंदोलन किया। इसका नतीजा है कि आज कोर्ट को फैसला इस पर आया है। संघर्ष समिति इसका स्वाग्त करती है।
सरकार के दो मंत्रियों का जताया आभार
देवभूमि संघर्ष समिति ने प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह का अवैध मस्जिद और प्रवासियों का मुद्दा को उठाने के लिए धन्यवाद किया। भारत भूषण ने कहा कि सरकार के दोनों मंत्रियों ने इस मामले को विधानसभा सदन में जिस प्रमुखता से रखा उसके लिए संघर्ष समिति उनका आभार जताती है।