कुल्लू। भारत सरकार की एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड ब्लॉक को उल्लेखनीय कार्य के लिए ब्रॉन्ज दर्जा प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में एक जिला स्तरीय सम्पूर्णता अभियान समारोह आयोजित करने को लेकर उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एस्पिरेशनल ब्लॉक के तौर पर निरमंड ने विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। चार प्रमुख संकेतकों पर ब्लॉक ने शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है, जबकि अन्य संकेतकों पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम का उद्देश्य देश के पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, एवं बुनियादी ढांचे में सुधार करना है। कुल्लू जिले के निरमंड ब्लॉक ने इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
आगामी समारोह में ‘आकांक्षा हाट’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 21 विभागों की प्रदर्शनी और विभिन्न महिला व स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से आम जनता को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
समारोह के दौरान डॉक्टरों, अधिकारियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे। उपायुक्त ने सभी विभागों से आह्वान किया कि वे संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाकर जनता तक सेवाएं पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
निरमंड की यह उपलब्धि न केवल कुल्लू जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि प्रदेश के लिए भी प्रेरणा स्रोत है।