
शिमला। शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में एक मरीज के साथ मारपीट के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले में आरोपी डॉक्टर को आगामी आदेशों तक सस्पेंड कर दिया गया है।
IGMC के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS) डॉ. राहुल राव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल आरोपी डॉक्टर का पक्ष आना बाकी है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है।
डॉ. राहुल राव ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।