
शिमला। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि उसमें मनरेगा का नाम बदल कर,इसमें संशोधन कर इसे कमजोर कर दिया है । उन्होंने कहा है कि भाजपा देश मे वोट चोरी के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार लोगों के रोजगार गारंटी के भी चोरी का प्रयास कर रही है। कांग्रेस इसे कभी सफल नही होने देगी। इसके खिलाफ पूरे देश मे कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जनजागरण अभियान शुरू कर दिया है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला शिमला शहरी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि केंद्र की पूर्व यूपीए सरकार ने देश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर सभी दलों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लोकसभा से पारित कर इस रोजगार गारंटी का कानूनी रूप दिया था। जिसे मनरेगा के नाम से जाना जाता था।उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज संस्थाओं को मजबूती के साथ साथ क्षेत्र के विकास को गति मिली थी। आज इसके नए स्वरूप में पंचायतो का यह अधिकार छीन गया है और अब केंद्र ने इसके पूरे अधिकार अपने पास रख लिए है। अब केंद्र तय करेगा कि कौन सा काम होना है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल से केंद्र की भाजपा सरकार इसे कमजोर करती रही। केंद्र से जो पैसा राज्य सरकार को आना था वह भी पूरा नही आया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का मनरेगा के 400 करोड़ बकाया केंद्र के पास अभी भी लंबित पड़ा है।
जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह केंद्र की पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई दो दर्जन से अधिक योजनाओं के नाम बदल कर उन्हें अपना बताने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाना उनका घोर अपमान है जिसे सहन नही किया जा सकता। भाजपा लोगों को गुमराह कर राजनीतिक लाभ के लिये योजनाओं का नाम बदल रही है। इससे इसको कोई लाभ मिलने वाला नही।