सतत् विकास लक्ष्यों को हासिल कर, प्रदेश का मॉडल उपमंडल बनाए जाने की करसोग में अपार संभावना : गौरव

करसोग। सतत् विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपमंडलाधिकारी करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े मामलों में अब तक हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बैठक को संबोधित करते हुए पीलिया जैसी जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए जल स्रोतों, पेयजल भंडारण टैंकों की नियमित जांच, साफ सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रभावी निवारक उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सतत् विकास लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। प्रत्येक विभाग यह मूल्यांकन करे कि निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में अब तक कितना कार्य किया गया है। एसडीएम ने कहा कि करसोग उपमंडल में सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त कर इसे प्रदेश का मॉडल उपमंडल बनाए जाने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने तथा वाहन चालकों को वाहन चलाते समय सड़क की स्थिति पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। साथ ही सभी विभागों को एसडीएम कार्यालय के साथ फील्ड सूचनाएं साझा करने के निर्देश दिए, ताकि आपदा की स्थिति में समय पर राहत व बचाव कार्य कर मानव जीवन की रक्षा की जा सके।
उन्होंने शिक्षा विभाग को शिक्षण संस्थानों में समय-समय पर आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर बीएमओ करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने सतत् विकास लक्ष्य संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश में विजन हिमाचल डॉक्यूमेंट 2030 के अंतर्गत कार्य किया जा रहा है तथा करसोग उपमंडल में लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी विभागों का सहयोग आवश्यक है।
बैठक में डीएसपी चांद किशोर, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *