पीएनबी आरसेटी ऊना में 10 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का सफल समापन, 28 प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र

ऊना। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ऊना में आयोजित 10 दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी -पीएमईजीपी) लाभार्थी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के जिला अग्रणी प्रबंधक संजीव सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

संजीव सक्सेना ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 28 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे प्रदान किए जाने वाले ऋण का सदुपयोग सही दिशा में करें, अपने व्यवसाय को सफल बनाएं तथा आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक आर-सेटी ऊना के निदेशक श्सुधीर कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों से अपील की कि वे आगे चलकर अपने व्यवसाय से अन्य लोगों को भी जोड़ें और सरकारी ऋण योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पीएनबी आरसेटी ऊना के कार्यक्रम संचालक एवं संकाय सदस्य आकाश भारद्वाज ने बताया कि इस प्रशिक्षण के अंतर्गत 28 प्रतिभागियों को ऋण एवं सब्सिडी से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में ऊना, मंडी, बिलासपुर तथा किन्नौर जिलों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रशिक्षण उपरांत सामान्य वर्ग के प्रतिभागियों को 25 प्रतिशत तथा विशेष श्रेणी के प्रतिभागियों को 35 प्रतिशत तक ऋण सब्सिडी/अनुदान का लाभ प्रदान किया जाएगा, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी ऊना से  हिना, मीनाक्षी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *