कुल्लू। मल्टीपर्पज़ हॉल, कुल्लू में युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत ओरिएंटेशन सह किट एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस योजना के तहत एनएसएस, एनवाईकेएस एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के कुल 185 स्वयंसेवकों को 7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान किया गया, जो कि नवंबर माह में ABVIMAS, मनाली में आयोजित किया गया था। आज के कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को किट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपायुक्त, कुल्लू रहीं, जिन्होंने सभी प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को किट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी आपदा के समय समुदाय एवं प्रशिक्षित स्वयंसेवक प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता (First Responders) होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में बढ़ रही आपदा घटनाओं को देखते हुए युवाओं को आपदा प्रबंधन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि आगामी समय में उप-मंडल स्तर पर भी आपदा मित्रों हेतु ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जमीनी स्तर पर आपदा तैयारी को सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कमल किशोर भंडारी, कंपनी कमांडर, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस, कुल्लू द्वारा स्वयंसेवकों को प्राथमिक उपचार (First Aid) एवं सीपीआर तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त-सह-सीईओ, डीडीएमए कुल्लू, जिला राजस्व अधिकारी, कुल्लू तथा डीडीएमए कुल्लू के अन्य अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुल्लू द्वारा युवा आपदा मित्र योजना के माध्यम से प्रशिक्षित स्वयंसेवकों के सहयोग से समुदाय आधारित आपदा तैयारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।