कुल्लू। उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने रविवार को हरिपुर स्थित गैर-सरकारी संगठन (NGO) ‘मनाली स्ट्रेज़’ (Manali Strays) का दौरा किया और बेसहारा व घायल पशुओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की सुविधाओं का निरीक्षण किया और भविष्य में जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने बताया कि कमलेश और बेकी द्वारा 2019 में एक मोटरबाइक से शुरू की गई यह संस्था पिछले 7 वर्षों से बेहतरीन कार्य कर रही है। अब तक संस्था ने लगभग 8,000 से 9,000 पशुओं का टीकाकरण (Vaccination) किया है। लगभग 4,000 से 5,000 पशुओं का नसबंदी (Sterilization) अभियान सफलतापूर्वक चलाया है। संस्था के पास आधुनिक सुविधाएं जैसे डॉग पाउंड, एक्सरे, और ऑपरेशन थिएटर (OT) उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मनाली स्ट्रेज़’ का ‘इंडियन वेटरनरी स्टूडेंट एसोसिएशन’ के साथ अनुबंध है, जिसके तहत पिछले वर्ष 50-60 छात्रों को ऑन-जॉब ट्रेनिंग दी गई थी। इस वर्ष लगभग 100 छात्रों के आने की उम्मीद है। इस वर्ष यूके स्थित ‘वर्ल्ड वाइड वेटरनरी सर्विस’ के मास्टर ट्रेनर्स भी यहाँ आकर स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण देंगे।
उपायुक्त ने कहा कि संस्था को भूमि आवंटन, एनिमल वेलफेयर बोर्ड से एबीसी (ABC) प्रमाणीकरण और अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद जैसे विषयों पर जिला प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पशुओं के अल्ट्रासाउंड के लिए पालमपुर जाना पड़ता है, जिसे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।
उपायुक्त ने समाज को संदेश देते हुए कहा, “एक समाज के विकास और उसकी मानसिक परिपक्वता का आकलन इस बात से होता है कि वह अपने जानवरों के साथ कैसा व्यवहार करता है।” उन्होंने ‘मनाली स्ट्रेज़’ की 15 सदस्यीय टीम और उनके संस्थापकों के जज्बे की सराहना की।
इस अवसर पर पशु प्रेमी ईशान ठाकुर ने कहा कि वह काफी समय से इस संस्था से जुड़े हुए हैं तथा स्वयं भी संस्था की समय-समय पर मदद करते रहते हैं तथा अन्य पशु प्रेमियों का भी सहयोग जुटाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्था के लिए आवश्यक सुविधाओं के लिए आगे भी कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों तथा स्टाफ ने उपायुक्त को इस संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा यहां बेसहारा पशुओं की सेवा, चिकित्सा आदि के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने उपायुक्त का संस्था में दौरा कर मनोबल बढ़ाने के लिए तथा यहां आकर भार जताया तथा भविष्य में भी इस पुण्य कार्य करने की आशा व्यक्त की।