ऊना। नगर निगम ऊना में आज(गुरुवार) को सिटीजन सेवा पोर्टल के दूसरे चरण (फेज-II) में जोड़ी गई नई सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला ऊना के सभी शहरी निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर निगम ऊना, नगर परिषद अंब, नगर पंचायत दौलतपुर, नगर पंचायत गगरेट, नगर परिषद मेहतपुर-बसदेहड़ा, नगर परिषद संतोषगढ़ तथा नगर पंचायत टाहलीवाल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिटीजन सेवा पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को नगर निकायों से संबंधित विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल पहल से आम जनता को घर बैठे सुविधाजनक तरीके से सेवाओं का लाभ मिल सकेगा तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली भी अधिक सुगम और प्रभावी बनेगी।
इस अवसर पर शहरी विकास विभाग की एसपीएमयू टीम से अनुराग ठाकुर एवं साहिल राणा ने प्रतिभागियों को सिटीजन सेवा पोर्टल के दूसरे चरण में शामिल नई सेवाओं के बारे में विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने एरियर (प्रॉपर्टी एंड गार्बेज), एमआरएफ, हिम सेवा सुविधा, ई-सेवा रिक्वेस्ट तथा ई-चालान जैसी सेवाओं के संचालन और उपयोग से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
मनोज कुमार ने बताया की कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को सिटीजन सेवा पोर्टल के फेज-II में शुरू की गई सेवाओं के बारे में प्रशिक्षित करना तथा नागरिकों को अधिक से अधिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि नगर निकायों से जुड़ी सेवाएं आम जनता को घर बैठे सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से प्राप्त हो सकें।
इस दौरान जिला ऊना के विभिन्न शहरी निकायों से बलजीत सिंह, आकाशदीप धीमान, राधा, मंजुल शर्मा, लोकभानु, हरजिंदर सिंह, राधा रानी, सुनीता, आकाश भाटिया, अनीता कुमारी और रुचि सहित नगर निगम ऊना से अमनजीत, अंबिका, बबली, सुशील गुप्ता, अभिषेक और मनोज कौशिक भी उपस्थित रहे।