छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ खेलों का विशेष महत्त्व – शिक्षा मंत्री

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत बरथाटा के टिक्करी मे मौजूद रहे जहाँ पर उन्होंने बरथाटा (पंचगांव)क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित बरथाटा प्रीमीयम लीग 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह की अध्यक्षता की।
इस दौरान उन्होंने इस प्रतियोगिता मे भाग लेने वाली टीम के खिलाडियो से मुलाक़ात की और बेहतर प्रदर्शन हेतू शुभकामनायें दीं। उन्होंने स्थानीय नवयुवक मण्डल की भी इस आयोजन पर प्रशंसा की और आने वाले समय मे भी ऐसी प्रतियोगितायें करवाने के लिए प्रोत्साहित किया। रोहित ठाकुर ने खेलों के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि खेल युवाओं के जीवन मे एक महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है बल्कि युवाओं को एक सकारात्मक दिशा मिलती है और वे नशे के चंगुल से दूर रहते हैं।
रोहित ठाकुर ने अपने वक्तव्य के दौरान खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ साथ खेलों का एक विशेष महत्त्व है। खेलों से जहाँ एक ओर बच्चों के स्वास्थ्य में वृद्धि होती है वहीँ दूसरी ओर एक स्वस्थ प्रतियोगिता का विकास भी होता है। उन्होंने बताया कि वर्त्तमान में सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं जिसमे खिलाड़ियों की “डाइट मनी” को 120 रूपये से बढ़ाकर 220 रूपये करने के अलावा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सरकार द्वारा सम्मानित किया जाना शामिल है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि सरकार खेलों के विषय में गंभीर है और इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।पूरे प्रदेश भर में 9 खेल छात्रावास है जहाँ पूरे प्रदेश भर से खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहें है। ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेल छात्रावास (कन्या) इन सभी में सबसे बड़ा छात्रावास बन कर उभर रहा है। इस खेल छात्रावास की स्थापना सन 1987 में हुई थी उस समय से यहाँ वॉलीबाल का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता रहा है। किन्तु पिछले 2 वर्षों के दौरान यहाँ कब्बडी और बेडमिंटन दो अतिरिक्त खेलों को भी शामिल किया गया है और अब यहाँ पर वॉलीबाल और कब्बडी की 20-20 सीटों के साथ बेडमिंटन की 15 सीटों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अब इस छात्रवास में बॉक्सिंग का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जायेगा।उन्होंने बताया कि 2 करोड़ 27 लाख रूपये की लागत से इस छात्रावास के नये भवन का निर्माण हुआ है जिससे इस छात्रावास में प्रशिक्षण ले रही छात्राओं को बेहतर सुविधा मिल सकेंगी इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल के साइंस ब्लॉक के भवन का निर्माण भी 2 करोड़ 47 लाख से किया गया है।कोटखाई मे बनने वाले केंद्रीय विद्यालय के लिए कुफटु फार्म की ज़मीन को शिक्षा विभाग के पक्ष में हस्तांतरित किया गया

इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्वर्गीय ठाकुर रामलाल को याद करते हुए कहा कि बरथाटा पंचायत ठाकुर रामलाल की गृह पंचायत है और आज उनको याद करके वह गर्व का अनुभव कर रहे है। ठाकुर राम लाल का प्रदेश की राजनीती में एक विशेष स्थान रहा है और वह हिमाचल के तीन बार मुख्यमंत्री और हिमाचल के अतिरिक्त आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। प्रदेश की राजनीती और विकास मे उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बरथाटा और साथ लगती पंचायतों मे पिछले तीन वर्षों के दौरान विभिन्न विकासात्मक कार्य हुए है जिसके अंतर्गत 1 करोड़ 46 लाख से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा पटवार भवन बटाड़गलू के अतिरिक्त भगोली बरथाटा सड़क को 18 करोड़ 37 लाख रूपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा हैं जिसका 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका हैं और कठासु सावड़ा सड़क को भी 19 लाख 13 हज़ार रूपये से स्तरोन्नत किया जा रहा है जिसका 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही 55 लाख रूपये की राशि से निर्मित बरथाटा केलवी बलाई सड़क का निर्माण भी इस प्रक्रिया मे शामिल है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने स्थानीय युवक मण्डल को 50000 रूपये देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर पूर्व ज़िला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, पूर्व बी डी सी सदस्य मोतीलाल सिथटा, ग्राम पंचायत बरथाटा के पूर्व प्रधान गोपाल चौहान, पूर्व उप प्रधान ग्राम पंचायत बरथाटा बलवंत जवीलटा, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कठासु गीता नाज़टा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जुब्बल नावर कोटखाई दीपक कालटा, स्थानीय नवयुवक मण्डल के चेयरमैन सुरेश चौहान उपमंडालाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *