कुटलैहड़ को सीएम की बड़ी सौगात, 13 मार्च को बंगाणा में 15 करोड़ की तुरकाल-पंगा जलापूर्ति योजना का करेंगे शिलान्यास

ऊना। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 13 मार्च (शुक्रवार) को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे बंगाणा पहुंचेंगे और लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल-पंगा जलापूर्ति योजना का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर बंगाणा में एक विशाल जन आभार रैली भी आयोजित की जाएगी, जिसमें संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री का अभिनंदन व आभार व्यक्त करेगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना के निर्माण से लठियाणी, धुंधला तथा आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के स्रोतों को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे लोगों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे क्षेत्रवासियों को इस योजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय बंगाणा में पुस्तकालय तथा बंगाणा में बहुउद्देशीय हॉल (जिम) की भी आधारशिला रखेंगे।
विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *