पांवटा साहिब।पांवटा साहिब में खनन सामग्री ढोने वाले ट्रॉलों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रशासन के प्रयासों और सख्ती के बावजूद ट्रॉला चालकों की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। ताजा मामला मिशन स्कूल देवी नगर के समीप का है, जहां बीते दिन खनन सामग्री से भरा एक ट्रॉला अचानक पलट गया।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने में यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले भी एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर सरकारी स्कूल की दीवार में जा घुसा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि खनन सामग्री ढोने वाले कई ट्रॉला चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर सख्ती और ट्रॉलों की आवाजाही की टाइमिंग में बदलाव भी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद हालात में ज्यादा सुधार नहीं दिख रहा है
घटना का वीडियो भी स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह ट्रॉला पलट गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खनन ट्रॉलों की रफ्तार और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।