हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पेश किए गए हिमाचल प्रदेश के बजट को लेकर हमीरपुर जिला में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बजट के बाद जब विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत की गई तो किसी ने इसे जनहितकारी और विकासोन्मुख बताया, तो किसी ने इसे निराशाजनक करार दिया। कुल मिलाकर जिले में बजट को लेकर मिली-जुली राय सामने आई है।कुल मिलाकर, हमीरपुर में इस बजट को लेकर समर्थन और विरोध दोनों ही स्वर सुनाई दिए। जहां एक ओर सरकार के विकास कार्यों और योजनाओं की सराहना हो रही है, वहीं रोजगार, व्यापार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों में असंतोष भी स्पष्ट रूप से सामने आया है।
हमीरपुर कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़े फैसले लिए गए हैं, जिनमें हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी मशीन लगाने की घोषणा, नए साइंस कॉलेज की स्थापना और कैंसर अस्पताल के लिए 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं और दूध के मूल्य में बढ़ोतरी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।स्थानीय निवासी अनिल मनकोटिया ने बजट को टूरिज्म फ्रेंडली बताते हुए कहा कि हेली टैक्सी स्टैंड जैसी योजनाएं पर्यटन को बढ़ावा देंगी और हमीरपुर के लिए भी ऐसे प्रोजेक्ट शुरू होना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में गेहूं और मक्का के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि और दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी से किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। उनके अनुसार, सरकार आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। वहीं युवा वर्ग में इस बजट को लेकर नाराजगी देखने को मिली। दीक्षित गौतम ने कहा कि युवाओं को रोजगार को लेकर बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं को सरकारी नौकरी देने के वादे किए गए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया है, जिससे युवाओं में निराशा है।
वही सुनील कुमार ने भी बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि इसमें युवाओं और महिलाओं के लिए कोई ठोस योजना नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर नहीं दिखता। व्यापारी वर्ग की ओर से भी असंतोष सामने आया। स्थानीय निवासी पप्पू ने कहा कि इस बजट से व्यापारियों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनके लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पहले किए गए 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है। वहीं सुशील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं का विस्तार और हमीरपुर के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस बजट के अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।वहीं मुकेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह बजट खास तौर पर किसानों के लिए लाभदायक साबित होगा, जिसमें कृषि क्षेत्र के लिए कई नई योजनाएं शामिल की गई हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने आम जनता को भी इस बजट में राहत देने का प्रयास किया है।