
सुन्नी। उपमंडल सुन्नी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा राष्ट्रीय कार्य योजना वरिष्ठ नागरिक (NAPSrC) 2025–26 के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों के आयोजन हेतु एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सुन्नी श्री राजेश वर्मा द्वारा की गई।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं उनकी सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपमंडलाधिकारी ने अवगत करवाया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के बीच संवाद को बढ़ावा देना तथा इंटर-जनरेशन गैप को कम करना है, ताकि दोनों पीढ़ियों के बीच आपसी समझ, सम्मान एवं सहयोग की भावना विकसित हो सके।
उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों में टॉक/इंटरैक्शन सत्र, पेंटिंग, ड्राइंग, क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा पुस्तक/कविता पाठ आदि आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के न्यूनतम 50 वरिष्ठ नागरिक तथा 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 50 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे।
उक्त कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 2 अप्रैल को राजकीय महाविद्यालय सुन्नी के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। उपमंडल अधिकारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित विभागों से सहयोग की अपील की, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी सुन्नी डॉ. महेश जैसवाल, बाल विकास परियोजना अधिकारी हरीश शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी सुन्नी,दीपक रैक युवक मंडल के सदस्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।