26 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण हेतु कार्यक्रम जारी

कुल्लू। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा ने जिला कुल्लू की उन 26 ग्राम पंचायतों के लिए मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन का कार्यक्रम जारी किया है, जो पुनर्गठन, नव-गठन या विभाजन की प्रक्रिया में सम्मिलित रही हैं।
इन पंचायतों की मतदाता सूचियों को सार्वजनिक जानकारी हेतु प्रारूप-1 पर प्रकाशित कर दिया गया है।
इसमें विकास खण्ड नगर की नसोगी, हलाण-2, शिल्ला हलाण और कन्याल; कुल्लू की डुखलीगाहर, मानगढ़, खड़ीहार, तियून और पाहनाला; बंजार की कोठीचैहणी और बिहार; भुन्तर की भलाण-2, छैउर, गड़ाली, शिल्लीहार, कोठी भलाण, शल्लीहार-2 और शियाह; आनी की पलेही और तांदी; तथा निरमण्ड की भालसी, बाड़ी, कोट, कोटी, कुडाकोड और कशौली पंचायतें शामिल हैं।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि यदि इन मतदाता सूचियों के संबंध में किसी व्यक्ति को कोई दावा या आक्षेप प्रस्तुत करना हो, तो वे संबंधित खण्ड विकास अधिकारी (BDO) के कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र पर अपनी आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
 प्राप्त दावों और आपत्तियों पर निर्णय लेने की अवधि 17 अप्रैल 2026 तक होगी। इसके पश्चात, यदि कोई अपील दायर करना चाहे तो वह 24 अप्रैल 2026 तक की जा सकती है, जिस पर 27 अप्रैल 2026 तक निर्णय लिया जाएगा।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 अप्रैल 2026 को या उससे पूर्व कर दिया जाएगा। दावों और आपत्तियों के लिए आवश्यक प्रपत्र संबंधित ग्राम पंचायत और खण्ड विकास अधिकारी के कार्यालयों में नि:शुल्क उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *