नलवाड़ मेला करसोग: दूसरे दिन महिला नाटी और पारंपरिक देव संस्कृति का प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र

करसोग। जिला स्तरीय नलवाड़ मेला करसोग के दूसरे दिन सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों की विशेष धूम रही। इस अवसर पर महिलाओं के लिए नाटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा क्षेत्र की अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नाटी कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायक विक्की राजटा के साथ गायक जग्गी भारद्वाज ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों की मधुर आवाज पर महिलाएं और दर्शक जमकर थिरके, जिससे पूरा वातावरण उल्लासमय हो उठा।

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) करसोग गौरव महाजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डीएसपी करसोग चांद किशोर ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर तहसीलदार पृथी चंद ने मुख्य अतिथि को तथा नायब तहसीलदार राहुल शर्मा ने विशेष अतिथि को हिमाचली परंपरा के अनुसार शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मेले के दूसरे दिन धार्मिक आस्था का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। देवों के देव ममलेश्वर महादेव की अगुवाई में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभा यात्रा के दौरान पारंपरिक देव संस्कृति का प्रदर्शन किया गया और “देव नृत्य” भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

जिला स्तरीय नलवाड़ मेले के दूसरे दिन आयोजित इन कार्यक्रमों ने स्थानीय संस्कृति, परंपरा और आस्था की समृद्ध झलक प्रस्तुत करते हुए मेले को और अधिक आकर्षक बना दिया।
मुख्यातिथि ने नाटी में भाग लेने वाली महिलाओं को धाठू भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *