मंडी। मंडी जिला के गोहर उपमंडल में बड़ा देव कमरुनाग के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से जुड़ी एक बड़ी दुर्घटना टल गई। श्रद्धालुओं से भरी एक टैम्पू ट्रेवलर के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से स्थिति गंभीर बन गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। वाहन को नियंत्रित करते हुए चालक ने उसे पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे गाड़ी खाई में गिरने से बच गई।
जानकारी के अनुसार दाड़ला घाट से 12 श्रद्धालु बड़ा देव कमरुनाग के दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तो शाला से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे अचानक ट्रेवलर के ब्रेक फेल हो गए। पहाड़ी और संकरे मार्ग पर ब्रेक फेल होना बेहद खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता था, लेकिन चालक ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाते हुए गाड़ी को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया।
इस घटना में कुल 12 लोगों में से 9 श्रद्धालुओं को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया और सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया गया है।
थाना प्रभारी देवराज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना सामने आया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जाएगी।
इस घटना के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय वाहनों की तकनीकी जांच अवश्य करवाएं। साथ ही सावधानी और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने चालक की सूझबूझ और समय रहते लिए गए निर्णय की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, क्योंकि उसकी तत्परता से एक बड़ी जनहानि टल गई और कई जिंदगियां सुरक्षित बच गईं।