किन्नौर-शिमला नेशनल हाइवे पर दरका पहाड़, हाइवे का 150 मीटर हिस्सा ध्वस्त, किन्नौर का कटा सम्पर्क

शिमला, 08 सितम्बर। हिमाचल प्रदेश में बरसात रुकने के बाद भी भूस्खलन की घटनाएं थम नहीं रहीं। शिमला को किन्नौर से जोड़ने वाला नेशनल हाइवे-5 किन्नौर जिला के निगलसूरी में ध्वस्त हो गया। गुरूवार की रात्रि हाइवे का करीब 150 से 200 मीटर हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। भूस्खलन वाली जगह हाइवे का नामोनिशान ही मिट गया। हाइवे पर पहाड़ ऐसा गिरा कि पैदल रास्ता भी बंद हो गया। गनीमत यह रही कि भूस्खलन के दौरान हाइवे पर कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा नुकसान पेश आ सकता था।

इस नेशनल हाइवे के अवरुद्ध होने से जनजातीय जिला किन्नौर का देश-दुनिया से सम्पर्क कट गया है। नेशनल हाइवे अथॉरिटी और स्थानीय प्रशासन हाइवे की बहाली में लग गया है। हाइवे के बहाल होने में काफी समय लग सकता है। इससे सेब को मंडियों में पहुंचाने में दिक्कत आएगी। ये नेशनल हाइवे तिब्बत बॉर्डर तक जाता है। इस नेशनल हाइवे के बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। ज्यादातर वाहनों में सेब से लदे ट्रक शामिल हैं। दरअसल किन्नौर का सेब अपनी मिठास व आकार के लिए बहुत पसंद किया जाता है और मंडियों में इसकी जबरदस्त मांग रहती है। किन्नौर के निचले इलाकों में सेब की फसल तैयार हो गई है। ऐसे में हाइवे के अवरुद्ध होने से बागवानों को सेब सड़ने का डर सता रहा है। मानसून सीजन में ये हाइवे भूस्खलन से बार-बार अवरुद्ध होता है।

पिछले दो दिनों से निगलसूरी में भूस्खलन हो रहा था। बुधवार को यहां हुए भूस्खलन से सेब के दो ट्रक दब गए थे। ट्रक सवारों ने भागकर जान बचाई थी।

दो वर्ष पहले इसी जगह पहाड़ दरकने से गई थी कई जानें

गौरतलब है कि निगुलसरी में 11 अगस्त 2021 को  पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण सवारियों से भरी एचआरटीसी बस, टिपर और अखबार की गाड़ी सहित करीब आधा दर्जन भूस्खलन की चपेट में आ गए थे। हादसे में 28 लोगों की मौत हो गई थी।

अगले पांच दिन वर्षा को लेकर चेतावनी नहीं

सूबे में कहर बरपाने वाला मानसून पिछले कुछ दिनों से धीमा पड़ा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन यानी 12 सितम्बर तक राज्य में भारी वर्षा की संभावना से इनकार किया है। इस अवधि में किसी तरह का कोई अलर्ट भी जारी नहीं किया गया है। 15 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होन के आसार हैं। बीते 24 घण्टों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *