
करसोग। नगर पंचायत करसोग के वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के अन्तिम दिन कुल 10 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने बताया कि 2 मई के दिन निर्धारित समयावधि में 3 बजे तक विभिन्न वार्डों से 10 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र भरे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 1 से सैना देवी और वार्ड नंबर 2 से रमेश ने अपने नामांकन पत्र भरे है। वार्ड नंबर 3 से बंसी लाल व यादवेंद्र शर्मा और वार्ड नंबर 4 से युविंद्र कुमार, सुभाष चंद व हरीश कुमार ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। वार्ड नंबर 5 से पूनम गुप्ता और लक्ष्मी देवी ने नामांकन भरा, जबकि वार्ड नंबर 6 से किशोर कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत करसोग के वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने हेतु 29, 30 अप्रैल, तथा 02 मई की तिथियां निर्धारित की गई थी। निर्धारित तिथियों में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे बजे तक उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वीकार किए गए। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के लिए निर्धारित समयावधि में नगर पंचायत करसोग के सात वार्डो के लिए कुल 17 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए है। जबकि वार्ड नंबर 7 से कोई भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।