शिमला। संतोष कुमार उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ जिला शिमला के प्रधान चुने गए हैं। उपायुक्त कार्यालय शिमला के बचत भवन में आयोजित आम सभा के दौरान जिला उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ, जिला शिमला के चुनाव संपन्न हुए, जिनमें संतोष कुमार ने भारी मतों से प्रधान पद पर जीत दर्ज की। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान प्रधान अमित ठाकुर ने की, जबकि जिला के विभिन्न उपमंडलों से आए अधिकृत प्रतिनिधियों ने भी आम सभा में भाग लिया।
इस अवसर पर अमित ठाकुर ने अपनी कार्यकारिणी की उपलब्धियों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया और इसके बाद वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु रूप से निर्वाचन अधिकारी रमित कुमार तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी पीताम्बर शर्मा की देखरेख में संपन्न कराया गया। प्रधान पद के लिए हुए मुकाबले में कुल 142 मत डाले गए। इनमें संतोष कुमार को 89 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज कृष्ण ठाकुर को 12 और अमित घमाटा को 40 मत मिले। एक मत अवैध घोषित किया गया। इस तरह संतोष कुमार ने भारी बहुमत के साथ प्रधान पद पर जीत हासिल की।
संघ के अन्य पदाधिकारी सर्वसम्मति से मनोनीत
चुनाव के साथ ही संघ की नई कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया। इसमें आशीष ठाकुर को उप प्रधान, सुलक्षणा चौहान को उप प्रधान (महिला वर्ग), हीना को उप प्रधान (चतुर्थ श्रेणी), खिमे राम को महासचिव, विनोद कश्यप को संयुक्त सचिव तथा साहिल शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा, उपमंडल स्तर पर निर्वाचित प्रधानों को जिला कार्यकारिणी में उपप्रधान का दर्जा दिया गया है।
नई कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा। आम सभा ने अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों के मनोनयन का अधिकार भी नव-निर्वाचित प्रधान संतोष कुमार को प्रदान किया है।
इस मौके पर नव-निर्वाचित प्रधान संतोष कुमार ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी की प्राथमिकता कर्मचारियों के हितों का संरक्षण और उनकी समस्याओं को हल कराने की रहेगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी सभी कर्मचारियों के सहयोग से कार्य करते हुए उनके मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रशासन के समक्ष उठाएगी।