इस आयोजन में देश भर के लगभग 200 प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ और सैन्य क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ नेत्र विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। इसमें नेत्र विज्ञान विषय को व्यापक रूप से शामिल किया जाएगा, जिसमें सभी प्रमुख उप-विशेषज्ञताओं में नवीनतम प्रगति को भी शामिल किया जाएगा। एम्स, नई दिल्ली; पीजीआई, चंडीगढ़; एलवी प्रसाद नेत्र संस्थान, हैदराबाद; शंकर नेत्रालय, चेन्नई; अरविंद आई केयर सिस्टम और अन्य संस्थानों से 100 से अधिक प्रतिष्ठित संकाय सदस्य इस सम्मेलन में भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम में दो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त नेत्र रोग विशेषज्ञ भी भाग लेंगे – ब्रिटेन के नॉटिंघम विश्वविद्यालय में नेत्र विज्ञान विभाग के अध्यक्ष और प्रोफेसर प्रो. हरमिंदर सिंह दुआ और सिंगापुर के टैन टॉक सेंग अस्पताल में वरिष्ठ सलाहकार नेत्र रोग विशेषज्ञ और क्लिनिशियन शोधकर्ता डॉ. कॉलिन सियांग हुई टैन। प्रो. हरमिंदर सिंह दुआ रासायनिक नेत्र क्षति पर अपने अग्रणी शोध और कॉर्नियल संरचना में क्रांतिकारी योगदान देने वाली दुआ परत की खोज के लिए विश्व स्तर पर प्रसिद्ध हैं। डॉ. कॉलिन सियांग हुई टैन नेशनल हेल्थकेयर ग्रुप आई इंस्टीट्यूट में फंडस इमेज रीडिंग सेंटर के प्रमुख हैं और रेटिनल इमेजिंग, डायबिटिक रेटिनोपैथी और एआई-आधारित नेत्र निदान में अपनी विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं।
यह सम्मेलन देशभर के युवा नेत्र रोग विशेषज्ञों के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और साथ ही इस क्षेत्र के विशेषज्ञों से सीखने के लिए एक प्रेरणादायक मंच के रूप में कार्य करेगा। इसका उद्देश्य नेत्र विज्ञान में सार्थक नागरिक-सैन्य सहयोग को बढ़ावा देना है।