चिट्टे पर पुलिस का वार ,नशा तस्करों के यूपी और पंजाब से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार,गोलू और थॉमस सलाखों के पीछे

शिमला: नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए शिमला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने केवल स्थानीय पेडलर्स ही नहीं, बल्कि पंजाब और उत्तर प्रदेश में बैठे ‘ड्रग किंगपिन्स’ तक पहुँचकर उनकी सप्लाई चेन को डिस्मेंटल कर रही है।

एएसपी अभिषेक ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि थाना रोहड़ू में दर्ज अभियोग संख्या 31/2026 की जांच में पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के जरिए बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले पिंकू राम (रोहड़ू) और सुनील पुहारता (टिक्कर) को 53 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था।आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस उत्तर प्रदेश के बिजनौर पहुँची, जहाँ से 12 अप्रैल को आरोपी सलमान हैदर को गिरफ्तार किया गया। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सूत्रधार थोमस मसीह (निवासी काला अफगाना, पंजाब) को 9 मई 2026 को गुरदासपुर से दबोच लिया। थोमस मसीह ही इस खेप का मुख्य सप्लायर था।

इसी के साथ उन्होंने बताया कि कोटखाई केस में चंडीगढ़ का मुख्य सप्लायर ‘गोलू’ गिरफ्तार कर लिया गया है ।उन्होंने कहा कि थाना कोटखाई में दर्ज अभियोग संख्या 35/2026 के तहत पुलिस ने रमणजीत सिंह (मोहाली) और रुबल चौहान (कोटखाई) को एक पिस्टल, दो गैस सिलेंडर पिस्टल और नशीले पदार्थों (Meth Crystal/Ice और हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था।जांच के दौरान आरोपी रमणजीत ने खुलासा किया कि उसने यह नशा चंडीगढ़ के ‘गोलू’ नामक व्यक्ति से खरीदा था। तकनीकी जांच और कॉल डेटा विश्लेषण के आधार पर शिमला पुलिस ने आज, 10 मई 2026 को मुख्य सप्लायर गोलू (निवासी दड़ूमाजरा, चंडीगढ़) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
​ASP अभिषेक ने कहा कि शिमला पुलिस द्वारा जांच की गुणवत्ता में किए गए सुधार के कारण इस वर्ष नशा तस्करी के खिलाफ अब तक 33 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तुलनात्मक रूप से वर्ष 2024 में केवल 4 और वर्ष 2025 में 7 गिरफ्तारियां हुई थी। वर्ष 2026 में अब तक कुल 25 बड़े तस्करी नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया है, जबकि 2024 में 1 और 2025 में केवल 4 नेटवर्क तोड़े गए थे। पुलिस ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल जैसे विभिन्न राज्यों में सक्रिय नेटवर्कों की सप्लाई चेन को प्रभावी ढंग से तोड़ा है।एएसपी अभिषेक ने बताया कि पुलिस अब केवल छोटे पेडलरों तक सीमित न रहकर मुख्य सप्लायरों और नेटवर्क संचालकों को निशाना बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *