SHIMLA. हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। शिमला के पुराना बस स्टैंड में ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन ने वेतन समय पर न मिलने के विरोध में जोरदार नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कर्मचारियों को हर महीने की पहली तारीख को वेतन जारी नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा और हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा। यूनियन ने साफ किया कि यदि मई महीने का वेतन 1 जून तक जारी नहीं हुआ, तो 2 जून से निगम कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
HRTC ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार और प्रबंधन की नीतियों के कारण निगम लगातार घाटे में जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा और समय पर निभा रहे हैं, लेकिन जब वेतन देने की बारी आती है तो HRTC कर्मचारियों को देरी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और वेतन में देरी से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। मान सिंह ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति जारी रही, तो कर्मचारी मजबूर होकर प्रदेशभर में आंदोलन और हड़ताल करेंगे।