एनपी चिड़गांव चुनाव का सफल समापन : धर्मेश रामौत्रा

रोहड़ू। रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत चिड़गांव चुनाव का सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा व्यवधान सामने नहीं आया तथा संपूर्ण मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत चिड़गांव के वार्ड नंबर-1 (चिड़गांव-I) से शमशेर सिंह 19 मतों से विजयी रहे। वार्ड नंबर-03 (भौंडा बाजार) से पूनम कुमारी 24 मतों से, वार्ड नंबर-04 (भौंडा कॉलोनी) से ललित सिंह 9 मतों से, वार्ड नंबर-05 (अप्पर एवं लोअर भौंडा) से सरला देवी 42 मतों से, वार्ड नंबर-06 (सुंधा) से अनुराधा 28 मतों से तथा वार्ड नंबर-07 (मांदली) से कांता देवी 10 मतों से विजेता घोषित किए गए।

धर्मेश रामौत्रा ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था, मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *