शिमला। हिमाचल प्रदेश के शहरी निकाय चुनावों में जिला शिमला की नगर परिषदों और नगर पंचायतों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने बढ़त हासिल की है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के महासचिव एवं स्टेट वॉर रूम प्रभारी हरि कृष्ण हिमराल ने दावा किया है कि जिले की 65 सीटों में से 40 सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी रहे हैं, जबकि भाजपा 21 सीटों तक सीमित रही। 4 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
हरि कृष्ण हिमराल के अनुसार नारकंडा, चौपाल, जुब्बल, चिड़गांव और नेरवा की नगर परिषदों व नगर पंचायतों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को स्पष्ट बढ़त मिली है। वहीं सुन्नी और ठियोग में भी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को भाजपा की तुलना में अधिक समर्थन मिला है। प्रदेश की 47 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में से 30 स्थानों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को स्पष्ट बढ़त मिली है, जबकि 7 अन्य निकायों में निर्दलियों का समर्थन कांग्रेस के पक्ष में माना जा रहा है।
हिमराल ने इन चुनाव परिणामों को मुख्यमंत्री के ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के विजन और आत्मनिर्भर हिमाचल की सोच का असर बताया। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है।