शिमला: सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियाँ — इंडियनऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल — वैश्विक स्तर पर तेल एवं गैस क्षेत्र को प्रभावित कर रही अनिश्चितताओं के बावजूद हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल (एमएस), डीजल (एचएसडी) और रसोई गैस (एलपीजी) की निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं।
तेल उद्योग अपने विस्तृत आपूर्ति नेटवर्क, (जिसमें टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट शामिल हैं,) के माध्यम से ईंधनों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी आउटलेट्स पर ईंधन वितरण कार्य सामान्य रूप से जारी है तथा निर्धारित सुरक्षा एवं संचालन मानकों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के आपूर्ति बनाए रखी जा रही है।
पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा वास्तविक उपभोक्ता मांग को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए निरंतर पुनःपूर्ति की जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है और पूरे राज्य में डिलीवरी सुचारु रूप से की जा रही है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियाँ निर्बाध ऊर्जा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लॉजिस्टिक्स, स्टॉक प्रबंधन और वितरण योजना पर लगातार समन्वय कर रही हैं। समग्र आपूर्ति स्थिति स्थिर है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
नागरिकों से अनुरोध है कि वे सामान्य खरीद व्यवहार बनाए रखें और अनावश्यक घबराहट में खरीदारी से बचें। जनता को यह भी सलाह दी जाती है कि ईंधन उपलब्धता से संबंधित प्रामाणिक एवं सत्यापित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।