जंगलों में आग की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-1916 जारी, वन संपदा संरक्षण पर प्रशासन का जोर

शिमला। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) शिमला ज्योति राणा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य अरण्यपाल, वन विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा जंगलों में आगजनी की घटनाओं की तुरंत सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-1916 जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्रों में लगने वाली आग की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाना और वन संपदा को बड़े नुकसान से बचाना है।
ज्योति राणा ने बताया कि गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, ऐसे में आम जनता की सतर्कता और त्वरित सूचना व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आम नागरिकों, ग्रामीणों और पर्यटकों से अपील की है कि यदि कहीं भी जंगल में धुआं या आग दिखाई दे तो बिना देर किए इस टोल फ्री नंबर पर सूचना दें, ताकि वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि इस व्यवस्था से न केवल वन संपदा, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण की भी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्राकृतिक संसाधनों को बचाने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *