शिमला। शिमला पुलिस को नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई करते हुए बाहरी राज्यों से तीन मुख्य चिट्टा सप्लायर सरगनाओं को गिरफ्तार किया है। ASP हेडक्वार्टर अभिषेक ने बताया कि पहले मामले में 18 मई को पुलिस थाना संजौली में दर्ज अभियोग संख्या 34/2026 के तहत पुलिस टीम ने रवि कुमार उर्फ बंटी, निवासी संजौली, जिला शिमला, उम्र 35 वर्ष, के कब्जे से करीब 26 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैकवर्ड लिंकज, तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी एक दुकान संचालक था और अपनी दुकान पर आने वाले ग्राहकों से विभिन्न QR स्कैनर के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर करवाता था। इस धनराशि का उपयोग नशीले पदार्थों की खरीद के लिए किया जा रहा था, जबकि पैसे ट्रांसफर करने वाले ग्राहकों को इसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस के अनुसार आरोपी यह तरीका नशीले पदार्थों की खरीद से जुड़े डिजिटल ट्रेल को छिपाने के लिए अपनाता था।
ASP हेडक्वार्टर अभिषेक ने बताया कि जांच में यह भी पाया गया कि रवि कुमार, तरनतारन निवासी एक युवक को नशा तस्करी के लिए पैसे भेज रहा था, जो उसे नशा सप्लाई कर रहा था। इसके आधार पर पुलिस ने 22 मई 2026 को चिट्ठा सप्लायर सरगना शवनदीप पुत्र गोल्डी कुमार, निवासी पट्टी, जिला तरनतारन, पंजाब, उम्र 21 वर्ष, को जंडियाला गुरु, अमृतसर से गिरफ्तार किया। मामले में आगामी जांच जारी है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना बालूगंज में दर्ज अभियोग संख्या 91/2026 में 18 मई 2026 को जय सिंघला, निवासी बसाल, जिला सोलन, उम्र 23 वर्ष, के कब्जे से 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया और बैकवर्ड लिंकज व सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पूछताछ, डिजिटल साक्ष्यों और बैंक रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि नशे की इस खेप का सप्लायर मोगा निवासी अमृत पाल है, जो हरियाणा के कुलदीप के साथ मिलकर नेटवर्क चला रहा था। कुलदीप, अमृत पाल के लिए चिट्टे की डिलीवरी करता था। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी जय सिंघला, अमृत पाल के संपर्क में इंस्टाग्राम के माध्यम से था और आरोपियों के बीच अब तक लाखों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं।
मामले में आगे कार्रवाई करते हुए 25 मई को मुख्य सरगना सप्लायर अमृत पाल पुत्र जगतार सिंह, निवासी गुरु अर्जुन नगर, मोगा, पंजाब, उम्र 22 वर्ष और नेटवर्क हैंडलर सरगना कुलदीप सिंह पुत्र कर्मचंद, निवासी नारायणगढ़, जिला अंबाला उम्र 34 वर्ष को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने क्रमशः मोगा, पंजाब और अमरावती पिंजौर से गिरफ्तार किया।