हमीरपुर में शारीरिक शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती शुरू, 18 पदों के लिए 400 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षकों के 355 पदों की प्रदेश में बैचवाइज भर्ती के तहत जिला हमीरपुर में 18 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में 3 और 4 जून को साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। जिला हमीरपुर में भरे जाने वाले 18 पदों में 5 पद सामान्य अनारक्षित वर्ग, 3 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग बीपीएल, 3 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), एक पद ओबीसी बीपीएल, 4 पद अनुसूचित जाति (एससी), एक पद एससी बीपीएल तथा एक पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित हैं।बुधवार को रोजगार कार्यालय भोरंज तथा बड़सर से संबंधित लगभग 400 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। भर्ती प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए विभाग द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं।

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर कमल किशोर भारती ने बताया कि 18 पदों के लिए शारीरिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में रोजगार कार्यालय भोरंज और बड़सर के पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि कुल 400 अभ्यर्थी साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं।कमल किशोर भारती ने कहा कि 3 और 4 जून को साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि शेष पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 10 जून तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में 8 से 10 काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि दस्तावेजों की जांच और अन्य औपचारिकताएं बिना किसी परेशानी के पूरी की जा सकें।उन्होंने कहा कि विभाग भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *