शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि सोलन जिले के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। राजधानी शिमला में रात को हुई बारिश के बाद आज सुबह से बादल छाए हुए है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि सबसे अधिक 105 मिलीमीटर बारिश कसौली में दर्ज की गई, जबकि धर्मपुर में 86 मिलीमीटर और धौलाकुआं में 43 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है। 11 जून को शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी तूफान चला हैं। वंही नेहरी में 81 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि 12 जून यानि आज सिरमौर, शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 13 जून तक प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश और थंडरस्टॉर्म गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं 14 जून के बाद निचले और मध्यवर्ती क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के प्रभाव से 12 और 13 जून को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। अभी निचले इलाकों में तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि मध्यवर्ती क्षेत्रों में तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। शोभित कटियार ने बताया कि 14 जून के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।