प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग बना विश्वव्यापी जनआंदोलन : डॉ. राजीव बिंदल

 

स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ बुद्धि और स्वस्थ आत्मा का आधार है योग

नाहन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों, हिमाचल प्रदेश एवं सिरमौर जिले के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज पूरी दुनिया 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ। आज दुनिया के लगभग 200 देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकृति का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में स्पष्ट रूप से वर्णित है कि “स्वस्थ शरीर ही धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष का आधार है।” यदि शरीर स्वस्थ है तो व्यक्ति जीवन के सभी उद्देश्यों को प्राप्त कर सकता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ बुद्धि और स्वस्थ आत्मा का समन्वय है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि योग एक अत्यंत व्यापक और गहन विषय है। केवल योगासन या प्राणायाम तक ही योग सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की जीवन पद्धति है। व्यक्ति अपने जीवन में जितना अधिक योग को अपनाता है, उतना ही अधिक उसे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।

अंत में डॉ. राजीव बिंदल ने एक बार फिर सभी नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *