शिमला। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने ‘लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह किया। महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चरखा कातकर लोकतंत्र की रक्षा की माँग उठायी। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए तथा राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में है और करोड़ों नागरिकों के मतदान के अधिकार पर लगातार चोट की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा और विपक्षी नेताओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने का मुद्दा उठाते हुए इसे अलोकतांत्रिक करार दिया। आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को कमजोर करने और एक-दलीय व्यवस्था लागू करने का प्रयास कर रही है। पंवर ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील, किसानों के हित, पेपर लीक मामलों और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि संगठन गांधीवादी विचारधारा और संविधान की रक्षा के लिए देशभर में चरणबद्ध सत्याग्रह चलाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह अभियान अब सभी राज्यों और जिलों तक पहुंचाया जाएगा। सत्याग्रह के माध्यम से राष्ट्रपति से लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और संविधान की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की जाएगी।