शिमला। न्याय को सरल, सुलभ एवं सहभागी बनाने तथा आपसी सहमति से विवादों के समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” का आयोजन किया जा रहा है। विशेष लोक अदालत का आयोजन 21 से 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का निस्तारण आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से किया जाएगा। जिसमे विवादों का निपटारा कम समय, कम व्यय तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में होता है। यह जानकारी विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के सचिव विशाल तिवारी ने दी। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले के समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) में शामिल करने के लिए एक सरल ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे भरकर संबंधित मामला समाधान समारोह में सम्मिलित किया जा सकता है। यह सुविधा सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। गूगल फॉर्म माननीय सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट http://www.sci.in पर उपलब्ध है।गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।उन्होंने जिला कुल्लू के अधिवक्ताओं, वादकारियों तथा अन्य संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि इच्छुक पक्षकार अपने लंबित मामलों को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल कर आपसी सहमति से विवादों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।