SHIMLA…हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल-पंजाब सीमा पर हो रहे अवैध खनन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और वर्तमान में सितंबर माह तक खनन गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसके साथ ही उन्होंने बल्क ड्रग पार्क परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। वहीं राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले पर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल-पंजाब सीमा पर अवैध खनन के मामलों में सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध खनन की शिकायतें सामने आती हैं, वहां संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाती है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सितंबर माह तक खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
बल्क ड्रग पार्क परियोजना को लेकर मंत्री ने कहा कि परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक करीब 15 से 20 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि कुछ टेंडर प्रक्रियाएं शेष हैं, जिन्हें जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। परियोजना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ा लगभग 75 प्रतिशत और पानी की व्यवस्था से जुड़ा 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि जारी कर दी गई है और यहां डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले पर उद्योग मंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राम मंदिर का निर्माण पूरे देश के लिए गर्व की बात है, लेकिन आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या चोरी स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि राम मंदिर किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है। कांग्रेस को भी इस मामले में सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। मंत्री ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम का नाम बेचा गया, राम के नाम पर वोट मांगे, मन्दिर कोई भाजपा का ट्रेड मार्क नहीं है, ये हिंदुओं की आस्था की बात है। कांग्रेस को इस पर सवाल पूछने का हक क्यों नहीं है, भाजपा के पास राम का कोई कॉपी राइट नहीं है।