वेव्स 2027 के ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ सीज़न-2 के अंतर्गत उद्योग-संचालित चुनौतियों के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आमंत्रित किए प्रस्ताव

नई दिल्ली। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) की प्रमुख पहल ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ (सीआईसी)–सीज़न 2 के तहत उद्योग-संचालित चुनौतियों की अवधारणा, रूपरेखा तैयार करने तथा उनके क्रियान्वयन के लिए मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न उद्योग संघों, संगठनों और संस्थानों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। सीआईसी–सीज़न 2 के लिए प्रस्ताव जमा कराने तथा चुनौतियों एवं उनके संबंधित क्रियान्वयनकर्ताओं के चयन हेतु पारदर्शी एवं योग्यता-आधारित व्यवस्था के माध्यम से एक एकीकृत पोर्टल विकसित किया गया है।

सीआईसी–सीज़न 2 का उद्देश्य उद्योग-संचालित, सरकार-समर्थित तथा युवा-केंद्रित चुनौतियों का क्रियान्‍वयन करना है, जिनके माध्यम से सृजनात्मक प्रतिभाओं की पहचान और उनका संवर्धन किया जा सके, कौशल उन्नयन एवं क्षमता निर्माण, मार्गदर्शन तथा प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा सके, नवाचार को प्रोत्साहित किया जा सके तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), एवीजीसी-एक्सआर, डिजिटल मीडिया और अन्य प्रौद्योगिकी-आधारित सृजनात्मक क्षेत्रों सहित मीडिया एवं मनोरंजन के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसर विकसित किए जा सकें। इन चुनौतियों के विजेताओं तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों का प्रदर्शन वेव्स 2027 के दौरान ‘क्रिएटोस्फीयर’ में किया जाएगा।

मीडिया एवं मनोरंजन (एम एंड ई) क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा, अर्थात् 31.07.2026 तक, ऑनलाइन पोर्टल https://wavesbazaar.com/create-india-challenge/season2/ifp के माध्यम से अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। चुनौती संबंधी प्रस्ताव मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के किसी भी विविध क्षेत्र से हो सकते हैं, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल एवं सोशल मीडिया, एनीमेशन, वीएफएक्स, ऑनलाइन सोशल गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, कॉमिक्स, एक्सआर/एआर/वीआर, फिल्म, प्रसारण, संगीत एवं नृत्य तथा मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र के अन्य उभरते हुए क्षेत्र शामिल हैं। आवेदन करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें:

 

सीज़न 2 के अंतर्गत ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ (सीआईसी) के बैनर तले 50 से अधिक उद्योग-संचालित चुनौतियों की परिकल्पना की गई है, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल एवं सोशल मीडिया तथा एवीजीसी-एक्सआर जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। चयनित चुनौतियों के सफल क्रियान्वयन के लिए मंत्रालय प्रत्येक चुनौती हेतु अधिकतम ₹1 करोड़ तक का एकमुश्त अनुदान (वन-टाइम ग्रांट–ओटीजी) प्रदान कर सकता है। यह अनुदान प्रस्तावों के दृष्टिकोण, परिणामोन्मुखी स्वरूप, कौशल उन्नयन पहलों, जमीनी स्तर तक पहुँच तथा विभिन्न तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन मानदंडों और अभिरुचि आमंत्रण (आईएफपी) दस्तावेज़ में निर्दिष्ट नियमों एवं शर्तों के अधीन होगा।

 

क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ (सीआईसी) के बारे में

‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ (सीआईसी) विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में सृजनकर्ताओं की पहचान करना, उनका संवर्धन करना, उनका कौशल उन्नयन करना तथा उन्हें मंच प्रदान करना है। सीआईसी–सीज़न 1 के अंतर्गत 33 उद्योग-संचालित चुनौतियों के सफल आयोजन के बाद, सीआईसी–सीज़न 2 का केंद्रबिंदु युवा-केंद्रित चुनौतियाँ, उद्योग साझेदारियाँ, जमीनी स्तर तक पहुँच, संरचित मार्गदर्शन एवं कौशल उन्नयन तथा परिणामोन्मुखी चुनौतियाँ हैं, जिससे भारत के सृजनात्मक पारिस्थितिकी तंत्र को और सुदृढ़ किया जा सके तथा माननीय प्रधानमंत्री के “क्रिएट इन इंडिया, क्रिएट फॉर द वर्ल्ड” के विज़न को आगे बढ़ाया जा सके।