शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जिला शिमला के ठियोग प्रवास के दौरान ठियोग बार काउंसिल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और उपस्थित सभी वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं और काउंसिल सदस्यों से सीधा संवाद स्थापित किया।
रोहित ठाकुर ने बताया कि ठियोग बार काउंसिल एक महत्वपूर्ण बार काउंसिल है और इसका सम्बन्ध पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के साथ भी रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी पढ़ाई के दौरान वह स्वयं भी वकालत के क्षेत्र में आना चाहते थे किन्तु नियतिवश वह राजनीति में आ गए।
शिक्षा मंत्री ने कॉन्सिल के सदस्यों द्वारा उठाई गयी मांगो पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ठियोग में एडीजे कोर्ट की मांग जायज़ है और इस विषय पर वह गंभीरता से प्रयत्न कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनों को आश्वासन दिये कि वह मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट के समक्ष इस विषय को उठाएंगे और विधि विभाग से समन्वय स्थापित कर एडीजे कोर्ट शीघ्र शुरू किया जायेगा।
उन्होंने बदलते समय के साथ डिजिटल तकनीक के महत्व को भी स्वीकार करते हुए बताया कि वर्तमान समय तकनीक का समय है और न्यायिक प्रक्रिया को भी डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए इसकी रूप-रेखा तैयार की जाएगी और बजट का प्रबंध किया जायेगा। उन्होंने कोटखाई सब जज कोर्ट का भी ज़िक्र किया और बताया कि इस क्षेत्र में न्यायिक प्रक्रियाओं को सशक्त और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में यह एक सार्थक प्रयास सिद्ध होगा।
उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि में से खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के संवर्धन के लिए एक लाख रूपये देने की घोषणा की।
*ठियोग विधानसभा क्षेत्र को दिये 04 सीबीएसई स्कूल*
शिक्षा मंत्री ने बताया कि ठियोग जिला शिमला का मुख्य द्वार है और यहां से छात्रों ने शिक्षा व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र को 04 सीबीएसई आधारित विद्यालय प्रदान किए गए हैं ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्राप्त हो सके।
स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने शिक्षा मंत्री का ठियोग विधानसभा क्षेत्र को 4 सीबीएसई स्कूल देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी अधिवक्ता हैं इसलिए बार काउंसिल की समस्याओं को अच्छे से समझते हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री से बार काउंसिल की माँगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष बार एसोसिएशन ठियोग भूपेंद्र कश्यप, वरिष्ठ अधिवक्ता मदन ठाकुर, किशन ठाकुर, मदन चौहान और ज्ञान चंदेल सहित बार एसोसिएशन के सदस्य व अन्य उपस्थित रहे।