शिमला। वन महोत्सव-2026 के अवसर पर ‘एक पेड़ सेहत के नाम’ अभियान तथा ‘भागीदारी एवं जिम्मेदारी’ (सामाजिक उत्तरदायित्व) की भावना को साकार करते हुए 133 ईको टास्क फोर्स ने हिमाचल प्रदेश वन विभाग, ग्राम पंचायत बशील, स्थानीय महिला मंडल एवं ग्रामीणों के सहयोग से बशील जिला सोलन में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया।
इस अभियान का शुभारंभ कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल, माननीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रथम पौधा रोपकर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए व्यापक वृक्षारोपण की आवश्यकता पर बल दिया तथा हिमाचल प्रदेश की हरित धरोहर के संरक्षण हेतु भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय द्वारा किए जा रहे संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोगों को रोपे गए पौधों की देखभाल कर उनके अधिकतम जीवित रहने (सर्वाइवल) को सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। यह अभियान सेना और नागरिक समाज के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का भी सशक्त प्रतीक बना।