ऊना। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले के नागरिकों से भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा संचालित आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे) में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह सर्वेक्षण जुलाई, 2026 से दिसंबर, 2026 तक जिले के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में किया जा रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि सर्वेक्षण का कार्य जिला सांख्यिकी कार्यालय ऊना के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार टैब आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से घर-घर जाकर किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान रोजगार, बेरोजगारी एवं श्रम बल से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े जिले की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के आकलन के साथ-साथ विकासोन्मुखी योजनाओं के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि सर्वेक्षण दल को सही, सटीक एवं वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि एकत्रित आंकड़े जनहित में अधिक उपयोगी सिद्ध हो सकें।
उपायुक्त ने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान एकत्र की गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
जतिन लाल ने जिले के सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सर्वेक्षण दलों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि यह महत्वपूर्ण सर्वेक्षण निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।