शिमला में बीजेपी के विरोध मार्च पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का पलटवार, बोले- बीजेपी मतों में नज़र आ रही तिलमिलाहट

शिमला। शिमला में बीजेपी के विरोध मार्च को लेकर हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी के बदले की भावना से कार्रवाई के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कानून के मुताबिक काम कर रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार किसी भी तरह की बदले की भावना से काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को सरकार की कार्रवाई गलत लगती है, तो उसे अदालत का रुख करना चाहिए। सरकार कानून सम्मत तरीके से कार्रवाई कर रही है और ऐसा कोई काम नहीं किया जा रहा जो गलत हो।

राजस्व मंत्री ने कहा कि FIR दर्ज होने के बाद बीजेपी में तिलमिलाहट दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अधिकारियों को डराने की कोशिश कर रही है। नेगी ने कहा कि अधिकारियों को अपना काम कानून के अनुसार करने दिया जाना चाहिए। जगत सिंह नेगी ने केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का बीजेपी द्वारा गलत इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और इसी वजह से जिन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हो रही हैं, उनमें तिलमिलाहट नजर आ रही है।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हिमाचल की कांग्रेस सरकार को सहयोग नहीं देने का आरोप लगाया। जगत सिंह नेगी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर पिछले तीन साल से तथ्यहीन बयानबाजी करते रहे हैं और अब उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता।