शिमला। हिमाचल प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश में चल रही विकासात्मक योजनाओं और केंद्र से जुड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग की विकासात्मक योजनाओं को समय-समय पर केंद्र सरकार के सामने उठाया जा रहा है और इसी सिलसिले में वह दिल्ली गए थे। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय सड़क निर्माण और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रदेश में चल रही नई और पुरानी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान लोगों को सड़कों से जुड़ी आ रही समस्याओं को देखा जा रहा है और उनका समाधान किया जा रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि कुल्लू के बंजार में लुहरी-ओट के लिए 25 करोड़ रुपये की DPR केंद्र सरकार को भेजी गई थी, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। इसके बनने से लोगों को काफी लाभ होगा। वहीं, 1775 करोड़ रुपये की DPR जलोड़ी टनल के काम के लिए केंद्र को भेजी गई है।
कांगड़ा के नगरोटा बंगवा से NH के लिए 395 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। वहीं, शिमला की ठियोग-जुब्बल-कोटखाई सड़क के लिए 240 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इस सड़क को अपग्रेड किया जाएगा, जिससे सेब बहुल क्षेत्रों के बागवानों को अपनी फसल समय पर मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद किया।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि चंडीगढ़ के समीप बद्दी में हीम चंडीगढ़ शहर बसाया जाएगा। इस क्षेत्र में आम बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने के लिए जल्द ही DPR केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। वहीं, शिमला की सब्जी मंडी का 500 करोड़ रुपये की लागत से विकास किया जाएगा। इसके पहले चरण में 150 करोड़ रुपये का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत 31 लोकल बॉडी के लिए भी काम किया जा रहा है। सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। वहीं, मनाली में 12 करोड़ रुपये की लागत से वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से भी प्रदेश में कई विकासात्मक योजनाएं चलाई जा रही हैं और प्रदेश सरकार समान विकास के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस बार अभी तक बरसात के कारण सड़कों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। सरकार का प्रयास है कि बारिश के कारण प्रदेश में कहीं भी सड़क बंद होती है तो उसे 24 घंटे के अंदर खोल दिया जाए।विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने के विषय पर चर्चा हुई। धर्मशाला से भाजपा नेता सुधीर शर्मा के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सभी को अपनी सीमाओं में रहकर बयान देना चाहिए।
वहीं, विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि व्यक्तिगत कारणों के चलते वह 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने ही सरकार से इस संबंध में प्रार्थना की थी कि उनकी ड्यूटी न लगाई जाए।