करसोग। करसोग में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) करसोग अलीशा चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुई। उन्होंने ध्वजारोहण कर पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड और रेंजर्स एंड रोवर्स द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली तथा देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों को शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
इस अवसर पर, अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की रक्षा करने वाले हमारे वीर जवानों के कारण ही आज हम सब सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहे है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अधिकार देती है लेकिन इसके साथ ही जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने कहा कि हमारे रोजमर्रा के व्यवहार में भी देश भक्ति दिखाई देनी चाहिए। ईमानदारी से कार्य करना, कानून का सम्मान करना, महिलाओं का सम्मान करना, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण की रक्षा करना और समाज में भाईचारा बनाए रखना भी सच्ची देश भक्ति है। उन्होंने युवाओं से आहवान किया कि वे बड़े सपने देखे, मेहनत करे और अपने चरित्र को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाएं।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए दी गई, शहीदों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आहवान किया कि महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने में हम सभी अपना योगदान दें।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी सुंदर लाल और गयारु राम तथा क्षेत्र के कारगिल शहीदों के परिजनों, पदमश्री अवार्ड से सम्मानित नेक राम शर्मा को शाॅल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इसके अलावा, शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर बोर्ड व विश्वविद्यालय स्तर पर टाॅप टेन की सूची में अपनी जगह बनाने वाले लगभग एक दर्जन मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिनमें 10वीं कक्षा में बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 5 छात्रों, जमा दो कक्षा की बोर्ड की परीक्षा के लिए 4 छात्रों जबकि सरदार पटेल यूनिवर्सिटी में बेहतर प्रदर्शन कर टाॅप टेन में जगह बनाने वाले 4 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बाल विकास परियोजना करसोग द्वारा दो मेधावी छात्राओं को तीन-तीन हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदान किया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, नगर पंचायत करसोग के स्वच्छता कर्मचारियों सहित अन्य को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित वृत चित्र को भी प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, मार्चपास्ट प्रस्तुत करने वाले पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, रेंजर्स एंड रोवर्स के प्रतिभागियों को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
करसोग उपमंडल के विभिन्न राजकीय व निजी स्कलों में भी 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन धूमधाम के साथ किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष किशोर कुमार, उपाध्यक्ष उत्तम चौहान, प्रधान ग्राम पंचायत ममेल तेजेन्द्र कुमार, डीएसपी करसोग चांद किशोर, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा, बीएमओ डाॅ. गोपाल चौहान, कार्यकारी एक्सईएन लोनिवि अजय राज गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक, विभिन्न संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।