धर्मशाला । शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चल रहे श्रावण अष्टमी मेलों के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते दो दिनों में करीब सवा लाख श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मेलों के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मां ज्वाला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक लाखों श्रद्धालु मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं तथा मंदिर में लाखों रुपये का चढ़ावा भी अर्पित किया गया है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंक्ति व्यवस्था, पेयजल, टेंट, बैठने की व्यवस्था, लंगर व्यवस्था तथा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर सहित व्यापक प्रबंध किए गए हैं। वहीं, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और पुलिस जवान मुस्तैदी से ड्यूटी दे रहे हैं।
उन्होंने बताया श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने निर्णय लिया है कि श्रावण मेले की छठी, सप्तमी और अष्टमी को मंदिर 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि मेलों के अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारू रूप से दर्शन करवाए जाएं।