शिमला। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला स्थित सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कार्यालय द्वारा आगामी शनिवार, 22 अगस्त 2026 को मनाली में एक विशेष FoSTaC (खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और प्रमाणन) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने जानकारी दी कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत खाद्य व्यवसाय संचालकों द्वारा सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य लक्ष्य स्थानीय खाद्य व्यवसायियों को खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित रखरखाव, व्यक्तिगत सफ़ाई, तापमान नियंत्रण, क्रॉस कंटामिनेशन से बचाव, स्वच्छता मानकों, और पंजीकरण व लाइसेंसिंग से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी देना है, ताकि वे अपने व्यवसाय में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रख सकें।
उन्होने कहा कि FSSAI द्वारा मान्यता प्राप्त एक तृतीय पक्ष एजेंसी के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा यह प्रशिक्षण मनाली के वाइल्डफ्लावर ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से दिया जाएगा। उन्होंने व्यापार मंडल मनाली के प्रधान और सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने सहयोगी सदस्यों को भी प्रेरित करने की अपील की है।