करसोग। करसोग उपमंडल की उप तहसील बगशाड के मुहाल भौरा में भीम सिंह पुत्र धनी राम के कच्चे स्लेटपोश मकान में आज अचानक आग लग गई। उक्त मकान मलकियती भूमि पर निर्मित था।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी की इस घटना में लगभग 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना में मकान को नुकसान पहुंचा है।
एसडीएम करसोग अलीशा चौहान ने बताया कि प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता प्रदान करते हुए 10 हजार रुपये की फौरी राहत, 5 कंबल तथा 2 तिरपाल उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।
प्रशासन द्वारा आगजनी से हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन किया जा रहा है।