बारिश से करीब 30 लाख का हुआ नुकसान, रिपोर्ट सरकार को भेजेगा विभाग
निदेशालय ने बरसात में तय किया था 60 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य
हमीरपुर – बरसात के मौसम में उद्यान विभाग ने बागवानों की जमीन में एक लाख 20 हजार पौधे लगाए हैं। विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का रोपण किया गया है जोकि भविष्य में बागवानों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। विभाग की तरफ से अभी भी प्लांटेशन का कार्य जारी है तथा बरसात के समाप्त होने तक चला रहेगा। हालांकि विभाग को निदेशालय की तरफ से बरसात के दौरान 60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभाग ने लक्ष्य से दोगुना कार्य किया है तथा बागवानों को राहत पहुंचाई है। बागवानी विभाग के अपने विक्रय केंद्रों पर भी काफी पौधों का वितरण किया गया। लोगों ने भी इन पौधों की खरीद में काफी रूची दिखाई तथा इन्हें अपनी जमीन में रोपा है। विभाग की तरफ से बागवानों को हर वर्ष की तरह इस बार भी ग्राफ्टेड पौधे उपलब्ध करवाई है जिनमें कई प्रजातियां शामिल रहीं। कई दिनों तक बागवानी विभाग के विक्रय केंद्रों पर पौधों की खरीद के लिए लोगों की कतारें देखी गई। इस दौरान अमरूद, चीकू, आम, कटहल, नींबू सहित अन्य कई प्रजाति के पौधे किसानों को रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए गए थे। विभाग की माने तो बारिश की वजह से बागवानों को इस बार करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। कलस्टर लेवल पर नुकसान का आकलन किया गया है तथा रिपोर्ट बनाकर प्रदेश सरकार को भेजी जा रही है। जैसे ही नुकसान का बजट विभाग के पास पहुंचेगा वैसे ही बागवानों को वितरित कर दिया जाएगा।
विभाग अब तक एक लाख 20 हजार पौधे बागवानों के बगीचों में लगवा चुका है। निदेशालय की तरफ से 60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अभी भी पौधे बागवानों को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं तथा प्लांटेशन का कार्य चल रहा है।