राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत नेत्रदान के प्रति जागरूकता बैठक आयोजित,,,नेत्रदान करें, किसी के जीवन में रौशनी भरें: डॉ. गोपाल चौहान

शिमला।  41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अवसर पर नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नागरिक चिकित्सालय करसोग में खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉक्टर गोपाल चौहान की अध्यक्षता में जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नेत्रदान के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई।

खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नेत्रदान एक महान मानवीय कार्य है। मृत्यु के उपरांत नेत्रदान से प्राप्त कॉर्निया का उपयोग जरूरतमंद व्यक्तियों की दृष्टि बहाल करने में किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाकर हम कई लोगों के जीवन में नई रोशनी ला सकते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे नेत्रदान के महत्व को समझें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

डॉक्टर गोपाल चौहान ने बताया कि नेत्रदान के इच्छुक व्यक्ति नेशनल ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना डोनेशन संकल्प दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक करसोग का कोई भी व्यक्ति नेत्रदान के लिए ऑनलाइन संकल्प दर्ज करने के साथ ही खंड चिकित्सा अधिकारी, करसोग के नाम आवेदन-पत्र प्रस्तुत कर अपनी इच्छा दर्ज करवा सकता है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान का संकल्प लेने वाले व्यक्ति को अपनी इच्छा के बारे में परिवार के सदस्यों को भी अवश्य अवगत करवाना चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर परिवार को उनकी नेत्रदान करने की इच्छा की जानकारी रहे।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति शपथ ली तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

खंड चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि नेत्रदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से समाज को स्वस्थ, संवेदनशील एवं जागरूक बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।