हिमाचल में मॉनसून पड़ा कमजोर, 12 से फिर बारिश की संभावना

शिमला। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मॉनसून की गतिविधियां भले ही कमजोर बना है लेकिन गत 24 घण्टों के दौरान राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सिरमौर और मंडी में बारिश दर्ज की गई। तापमानो में ज्यादा बदलाव नही हुआ है।वहीं आने वाले दिनों में प्रदेश में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां बढ़ेंगी।12 से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है।राजधानी शिमला में मंगलवार को ढिं भर बादलों की लुक्का छिप्पी जारी रही
मौसम विज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आगामी कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर, मंडी और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश करीब 50 मिलीमीटर सिरमौर जिले में दर्ज की गई, जबकि शिमला शहर में करीब 4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 सितंबर तक प्रदेश में मौसम की गतिविधियां काफी कम रहेंगी। इस दौरान मुख्य रूप से मध्यवर्ती जिलों सिरमौर, सोलन, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में दोपहर बाद और देर शाम के समय एक-दो बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि आगामी सप्ताह में भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
संदीप कुमार शर्मा के अनुसार 11 सितंबर के बाद 12 से 14 सितंबर तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने की संभावना है। इस दौरान मैदानी और मध्यवर्ती जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इनमें सिरमौर, सोलन, शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिले शामिल हैं। हालांकि इस दौरान भी भारी बारिश की संभावना काफी कम है और मुख्य रूप से हल्की से मध्यम बारिश होने का ही अनुमान है।
बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के कारण प्रदेश के तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है। शिमला में करीब 23 डिग्री सेल्सियस, जबकि धर्मशाला और पालमपुर में 29 से 30 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज हुआ। वहीं मैदानी जिलों मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर में तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। ऊना में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार से पांच दिनों में भी मध्यवर्ती और मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश को लेकर किसी तरह का अलर्ट नहीं है।