शिमला। क्षेत्रीय प्रयोगशाला, हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सुंदरनगर तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सुंदरनगर द्वारा संयुक्त रूप से दोनों संस्थानों के आसपास स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर के प्रभारी चमन लाल तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य विजय की उपस्थिति में किया गया।

अभियान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के करीब 30 विद्यार्थियों ने अपने प्रशिक्षकों के साथ सक्रिय रूप से भाग लिया। क्षेत्रीय प्रयोगशाला के वैज्ञानिक अधिकारी रेनू एवं बनिता, कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी शबनम तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी अभियान में सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, उचित अपशिष्ट प्रबंधन तथा 3आर सिद्धांत-रिड्यूस, रियूज़ एवं रीसायकल यानी कम उपयोग, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन तथा इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। स्वच्छता अभियान के दौरान दोनों संस्थानों के आसपास से करीब 20 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया, जिसे उचित निस्तारण के लिए नगर परिषद सुंदरनगर को सौंपा गया।
अभियान के समापन पर स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।