राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने अपने 33वें स्थापना दिवस से पहले मायगॉव के सहयोग से आयोजित ऑनलाइन मानवाधिकार क्विज-2026 के 10 विजेताओं की घोषणा की

नई दिल्ली। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने अपने ऑनलाइन ‘मानवाधिकार क्विज-2026: जीवन, स्वतंत्रता, समानता और गरिमा का उत्सव’ के 10 विजेताओं की घोषणा की है। यह क्विज आयोग के 33वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 सितंबर से 10 अक्टूबर, 2026 तक मायगॉव के सहयोग से आयोजित की गई थी। इस क्विज का उद्देश्य मानवाधिकारों, मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम (पीएचआरए), 1993 और देश में मानवाधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी रक्षा करने में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के कार्यों, शक्तियों और कर्तव्यों के बारे में सभी को जागरूक करना था।

प्रथम पुरस्कार के रूप में 15,000 रुपये  आरती महाजन को, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपये  रितिका को और तृतीय पुरस्कार के रूप में 5,000 रुपये सुश्री तूबा बेनज़ीर को प्राप्त हुए। 2,000 रुपये के सात सांत्वना पुरस्कार  आदित्य गुप्ता,  तरुण,  रानी मंडल,  बसंत कुमार महतो,  लिख्त कुमार ए और  दीपिका मदासु को दिए गए।

इस क्विज में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसे 1,67,127 लोगों ने देखा और 26,459 लोगों ने इसमें भाग लिया। इनमें से अधिकांश प्रतिभागी 18-24 आयु वर्ग के थे। राज्यवार प्रतिभागियों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तमिलनाडु शीर्ष पर रहे।

5,753 प्रतिभागियों ने 15 में से 15 अंक प्राप्त किए, जिनमें से 10 विजेताओं का चयन मायगॉव टीम द्वारा क्विज के नियमों और शर्तों के अनुसार लॉटरी के माध्यम से किया गया। प्रतिभागियों को 300 सेकंड के अंदर अधिकतम 15 प्रश्नों के उत्तर देने थे।