ऑडिट पैराग्राफ से जुड़े रिकॉर्ड दुरुस्त रखें विभाग : जतिन लाल

ऊना. हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त जतिन लाल ने बुधवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऑडिट पैराग्राफ से संबंधित अद्यतन आंकड़ों, रिपोर्ट और आवश्यक रिकॉर्ड के साथ तैयार रहें।
उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों से संबंधित ऑडिट पैराग्राफ की जानकारी पूरी और व्यवस्थित होनी चाहिए। रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार की जाए तथा उसमें सभी आवश्यक विवरण शामिल हों, ताकि समीक्षा के दौरान संबंधित मामलों की वस्तुस्थिति स्पष्ट रूप से प्रस्तुत की जा सके।
स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्तूबर को जिला परिषद हॉल में सुबह 10 बजे संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसमें राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ और पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पंचायती राज एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों के सीएजी ऑडिट पैराग्राफ भी समीक्षा के दायरे में रहेंगे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक के लिए सुबह साढ़े 9 बजे जिला परिषद हॉल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि समिति के सभापति विधायक संजय रत्न हैं। समिति के अन्य सदस्यों में डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इंद्रदत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर और विवेक शर्मा (विक्कू) शामिल हैं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल और सहायक आयुक्त विनय मोदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।